फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर, कुसम्ही बाजार । सावन माह के प्रथम सोमवार को कुसम्ही बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु अपने साथ गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, आक, पुष्प, चंदन, फल तथा अन्य पूजन सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया।
मंदिर परिसर पूरे दिन "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से गूंजता रहा। शिवभक्ति में लीन श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
सनातन परंपरा में सावन माह को भगवान शिव का सर्वाधिक प्रिय महीना माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस पवित्र मास में सच्चे मन से भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, व्रत और पूजन करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन के कष्ट, बाधाएं और नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं। मान्यता है कि सावन में महादेव अपने भक्तों पर विशेष कृपा बरसाते हैं और उनकी भक्ति का फल शीघ्र प्रदान करते हैं।
मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे दर्शन और जलाभिषेक शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। पूरे दिन श्रद्धालुओं का मंदिर में आना-जाना लगा रहा और प्राचीन शिव मंदिर में शिवभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। रिपोर्ट - जसवीर मोदनवाल 151167985
