EPaper Join LogIn
एक बार क्लिक कर पोर्टल को Subscribe करें खबर पढ़े या अपलोड करें हर खबर पर इनकम पाये।

जिला कलेक्टर ने किया 'उज्ज्वल बचपन' अभियान का शुभारंभ
  • 151127410 - BABLU SINGH 0 0
    03 Aug 2026 19:14 PM



खैरथल-तिजारा, ( बबलू मेहता ) 3 अगस्त। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश द्वारा सोमवार को नवाचार 'उज्ज्वल बचपन' अभियान को पोस्टर का विमोचन कर शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 3 अगस्त से 14 अगस्त तक जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं मेडिकल स्क्रीनिंग मिशन मोड में की जाएगी। अभियान का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना तथा प्रत्येक बच्चे का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार करना है।

जिला कलेक्टर ने अभियान के शुभारंभ अवसर पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुर्वेद विभाग तथा शिक्षा विभाग आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें, ताकि कोई भी बच्चा स्वास्थ्य जांच से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि समय पर जांच से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्जवल भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सकेगी।

जिला कलेक्टर ने बताया कि अभियान के दौरान बच्चों की लंबाई, वजन, हीमोग्लोबिन, एमयूएसी, नेत्र परीक्षण, त्वचा एवं कान परीक्षण, दंत परीक्षण, मुख स्वच्छता तथा दिव्यांगता सहित सात प्रमुख पैरामीटर पर स्क्रीनिंग की जाएगी। जांच के दौरान चिन्हित बच्चों को आवश्यकता अनुसार पोषण सहायता, उपचार एवं उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाएगा। जिन बच्चों को शल्य चिकित्सा की आवश्यकता होगी, उन्हें आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

जिले में अभियान के तहत 768 राजकीय विद्यालयों के 42,760 विद्यार्थियों तथा 507 आंगनबाड़ी केंद्रों के 16,432 पंजीकृत बच्चों सहित कुल 59,192 बच्चों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 114 स्क्रीनिंग टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में आयुर्वेद एवं एलोपैथिक विभाग के चिकित्सकों के साथ एएनएम, सीएचओ, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहयोगिनी तथा शिक्षा विभाग के शिक्षक शामिल रहेंगे।

अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बच्चे की स्क्रीनिंग का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा तथा चिन्हित बच्चों का नियमित फॉलोअप भी किया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप जिला अस्पताल एवं जिला अस्पतालों में रेफरल शिविर आयोजित कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

उज्ज्वल बचपन अभियान के तहत सोमवार को कोटकासिम के 759, किशनगढ़ बास के 1207, तिजारा के 2725, मुंडावर के 800 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। अभियान के तहत प्रथम दिन 59162 बच्चों में से 5491 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें से 250 बच्चों को इलाज के लिए चिन्हित किया गया।

कार्यक्रम शुभारंभ के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अरविंद गेट, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास सतपाल यादव, सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग अजीत बाल्याण मौजूद रहे।



Subscriber

188827

No. of Visitors

FastMail

VARANASI - अमिताभ ठाकुर मामले में चौक पुलिस को फटकार     चंदौली - पुलिस चेकिंग देख पुल से गंगा में कूदे दो गो-तस्कर, एक की डूबने से मौत     VARANASI - एंटी रोमियो टीम ने दो महिलाओं को दबोचा     MAU - आपका एक कदम बचा सकता है किसी की जान     VARANASI - व्हाट्सएप चैट से खुलेगा कमीशन का खेल, एक मोबाइल से दिन में 10 बार हुई बातचीत     VARANASI - सीबीआई के रडार पर रेलवे अधिकारी     VARANASI - काशी विश्वनाथ धाम में नई व्यवस्था, मणिकर्णिका गली और गंगा द्वार से सीधे पहुंचेंगे गेट नंबर 4 तक