बलिया। मानव सेवा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए देव सेवा समिति (मिल रोड, परदहाँ, मऊ) द्वारा संचालित देवाश्रम की बलिया शाखा ने शनिवार रात दो अज्ञात हिंदू पुरुषों के शवों का पूरे वैदिक रीति-रिवाज और सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया। यह अंतिम संस्कार ग्राम सभा हजौली स्थित पहलवान बाबा मंदिर के समीप श्मशान घाट पर संपन्न हुआ।
देवाश्रम के जिला संरक्षक डॉ. कुंवर अरुण सिंह ने बताया कि 1 अगस्त 2026 को पोस्टमार्टम के बाद जीआरपी बलिया द्वारा पोस्टमार्टम संख्या 520/2026 तथा सहतवार थाना पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम संख्या 523/2026 के तहत दो अज्ञात हिंदू पुरुषों के शव अंतिम संस्कार के लिए निःशुल्क देवाश्रम को सौंपे गए।
इसके बाद पोस्टमार्टम हाउस से "जय शिव, जय शव" और "राम नाम सत्य है" के उद्घोष के साथ लावारिस शव यात्रा निकाली गई। श्मशान घाट पर पीएम संख्या 520/2026 के शव को देवाश्रम अंतिम संस्कार दल के जिलाध्यक्ष दीप नारायण सिंह ने मुखाग्नि दी, जबकि पीएम संख्या 523/2026 के शव को वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अनिल प्रताप नारायण सिंह उर्फ भगत सिंह ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार संपन्न कराया।
दोनों शवों के अंतिम संस्कार का संपूर्ण खर्च शाहपुर टेटिहा निवासी समाजसेवी आनंद सिंह ने अपने पितामह स्व. परमानंद सिंह एवं स्व. राधा किसुन सिंह (मुखिया जी) की स्मृति में वहन किया। बताया गया कि आनंद सिंह ने कुल चार अज्ञात शवों के अंतिम संस्कार का खर्च उठाने का संकल्प लिया है, जिनमें से अभी दो शवों का अंतिम संस्कार किया गया है।
देवाश्रम ने बताया कि दोनों अज्ञात शवों के अस्थि कलश सुरक्षित रखे जाएंगे और भविष्य में यदि उनकी पहचान होती है तो उन्हें संबंधित परिजनों को निःशुल्क सौंप दिया जाएगा।

20260802204749336815055.mp4