घटना के बाद स्कूल वाहन की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। मांधाता थाना क्षेत्र के गाजीपुर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब संगम इंटरनेशनल स्कूल की बच्चों से भरी वैन का अचानक स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक की सूझबूझ और सतर्कता से वाहन पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय वैन में कई स्कूली बच्चे सवार थे, जो अचानक हुई तकनीकी खराबी से घबरा गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है और स्कूल वाहन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूल वाहनों की नियमित फिटनेस जांच, समय-समय पर सर्विसिंग तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन होना चाहिए। उनका मानना है कि यदि वाहन की तकनीकी जांच नियमित रूप से होती रहे, तो इस प्रकार की घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम हो सकती है। अभिभावकों ने परिवहन विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से स्कूल वैन की फिटनेस, परमिट, बीमा, सर्विस रिकॉर्ड तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल घटना के संबंध में स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और स्कूल वाहनों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
