पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने पर दिया जोर, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की शिकायतें और समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय भी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों के प्रार्थना-पत्रों का अवलोकन करते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को प्रत्येक मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए और पीड़ित पक्ष को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का परिणामोन्मुख निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को समय से कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
