साइबर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ऑनलाइन शॉपिंग धोखाधड़ी का हुआ सफल समाधान
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। ऑनलाइन शॉपिंग में हुई धोखाधड़ी के एक मामले में साइबर थाना प्रतापगढ़ ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को ₹61,450 की पूरी धनराशि वापस दिलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली नगर क्षेत्र के रंजीतपुर (चिलबिला) निवासी एक व्यक्ति ने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेज़न से ₹61,450 का लैपटॉप ऑर्डर किया था। निर्धारित समय पर पार्सल मिलने के बाद जब उन्होंने बॉक्स खोला तो उसमें लैपटॉप के स्थान पर पत्थर निकला। पीड़ित ने पार्सल खोलने की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की थी और उसी के आधार पर कंपनी से शिकायत की, लेकिन राहत नहीं मिली। न्याय न मिलने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस थाना प्रतापगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजीव तिवारी के नेतृत्व में साइबर थाना टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया और संबंधित ऑनलाइन कंपनी से प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक तकनीकी एवं वैधानिक कार्रवाई शुरू की। साइबर टीम के लगातार प्रयासों का परिणाम यह रहा कि पीड़ित के ₹61,450 की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक रिफंड करा दी गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर थाना प्रतापगढ़ की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतापगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन खरीदारी केवल विश्वसनीय वेबसाइटों से करें, महंगे सामान का पार्सल खोलते समय वीडियो रिकॉर्डिंग अवश्य करें तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर निकटतम साइबर थाने से संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि समय पर शिकायत दर्ज कराने से धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
