फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज l जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में पुलिस लाइन्स सभागार में आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा तथा विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहे। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूर्ण करें तथा यात्रा मार्ग पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जनपद को 9 जोन एवं 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।
बैठक में लहरा घाट सहित प्रमुख स्थलों पर फ्लड पीएसी, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी कंट्रोल रूम, वॉच टावर, गोताखोर, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, मोबाइल शौचालय, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
