फास्ट न्यूज़ इंडिया मध्य प्रदेश शिवपुरी। मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत पिछोर थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बिरौली में हाथ भट्टी से बनाई जा रही कच्ची शराब के अड्डे पर छापामार कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से करीब 3000 लीटर लहान (कच्ची शराब बनाने का घोल) नष्ट किया तथा 525 लीटर अवैध हाथ भट्टी निर्मित कच्ची शराब जब्त की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 52,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना तथा समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में 28 जुलाई को थाना पिछोर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिरौली में हाथ भट्टी से अवैध कच्ची शराब का निर्माण एवं विक्रय किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को टिंकू चौहान एवं करन सिंह चौहान के खेत पर लगभग 10 नीले प्लास्टिक ड्रमों में 3000 लीटर लहान भरा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने मौके पर ही नियमानुसार पूरे लहान को नष्ट कर दिया।
इसके अलावा चार प्लास्टिक ड्रमों एवं एक प्लास्टिक कट्टी में कुल 525 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 52,500 रुपये है। पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों आरोपी टिंकू पुत्र करन सिंह चौहान एवं करन सिंह चौहान, निवासी ग्राम बिरौली, मौके से फरार हो गए।
थाना पिछोर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 349/26 दर्ज करते हुए धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उपनिरीक्षक कमल सिंह बंजारा, सहायक उपनिरीक्षक अरविंद सगर, परमाल सिंह, आरक्षक धर्मेन्द्र लोधी, बचान सिंह तोमर, हाकिम वर्मा, प्रदीप नरवरिया, जितेन्द्र गुर्जर, एनआरएस नंदनी, नरेन्द्र एवं अजीत की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। रिपोर्टर राजू जाटव पिछोर
