फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज l रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कासगंज और अपराध आसूचना शाखा कासगंज की संयुक्त टीम ने "ऑपरेशन उपलब्ध" के तहत रेलवे ई-टिकटों और काउंटर आरक्षण टिकटों का अवैध कारोबार करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त (इज्जतनगर) मिथुन सोनी और सहायक सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद असलम के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 26 जुलाई 2026 की तड़के कासगंज स्टेशन के आरक्षण केंद्र के पास से अभियुक्त ताजुद्दीन उर्फ ताजू (30 वर्ष, निवासी बलरामपुर) को गिरफ्तार किया गया। ताजुद्दीन के खिलाफ पूर्व में भी आरपीएफ पोस्ट लालकुआं और बरेली सिटी में मामले दर्ज हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया कि अभियुक्त ताजुद्दीन व्हाट्सएप के जरिए यात्रियों का विवरण फरार साथियों तक पहुंचाता था। इसके बाद उसके साथी इज्जतनगर मंडल के अलग-अलग आरक्षण केंद्रों से काउंटर टिकट बनवाकर बस और ट्रेन के माध्यम से ताजुद्दीन तक भेजते थे। इसके अलावा, पर्सनल IRCTC यूजर आईडी (shainy47, Rajukna19, taj8127516) का व्यावसायिक इस्तेमाल कर ई-टिकट बुक किए जाते थे और प्रति टिकट ग्राहकों से रूपये 500 से रूपये 1,000 तक का अतिरिक्त शुल्क वसूला जाता था। लेन-देन के लिए डिजिटल वॉलेट (Paytm) का इस्तेमाल किया जा रहा था। हालांकि, जांच में किसी प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल का प्रमाण नहीं मिला है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 HP लैपटॉप, 2 मोबाइल फोन, 6,650 मूल्य की 6 लाइव ई-टिकट, 8,604 मूल्य की 4 पुरानी ई-टिकट, रूपये 26,795 मूल्य की 7 काउंटर टिकटों की छायाप्रति और आरक्षण पत्र जब्त किए हैं।
मामले में फरार चल रहे आरोपी जुबैर (26 वर्ष, निवासी बरेली), रियासत उर्फ सज्जाद और एक अन्य अज्ञात सदस्य की तलाश जारी है। अभियुक्तों के खिलाफ रेल अधिनियम, 1989 की धारा 143 के तहत आरपीएफ पोस्ट कासगंज में मु० अ० सं० 531/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई को निरीक्षक नरेश कुमार मीना, उप निरीक्षक प्रवीण कुमार और सी.आई.बी टीम के हेड कांस्टेबल धारा सिंह मीना, कांस्टेबल सुभाष चंद्र व कांस्टेबल विजय द्वारा अंजाम दिया गया। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
