फास्ट न्यूज इंडिया यूपी हरदोई/सुरसा। सुरसा थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का बांका भी बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम जीतपुरवा में एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही सुरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ग्राम जीतपुरवा मजरा खजराहा निवासी सोहित कुमार, पुत्र कोमिल, के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही अमर सिंह और जितेन्द्र ने शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे सोहित की मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर सुरसा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 61(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर 26 जुलाई 2026 को सुरसा पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों जितेन्द्र पुत्र परशुराम तथा अमर सिंह पुत्र रामरूप, निवासी ग्राम जीतपुरवा, थाना सुरसा, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का बांका भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की सक्रियता से स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। रिपोर्ट - चन्दन यादव 151137475
