फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। शहर के बलीपुर स्थित पंचमुखी मंदिर के पास एक संकरी गली में शनिवार को एक रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। आग लगने से पूरे मकान में घना धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और ब्रीदिंग ऑपरेट सेट की मदद से धुएं के बीच राहत एवं अग्निशमन अभियान चलाकर आग पर काबू पा लिया। अग्निकांड अरुण कुमार एवं तरुण कुमार, पुत्र वीरेंद्र नाथ, निवासी बलीपुर के मकान में हुआ। आग की चपेट में आने से घरेलू सामान, कपड़े, रजाई, गद्दे, बिस्तर, टीवी और फ्रिज सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मकान के भीतर रखे दो एलपीजी सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे संभावित विस्फोट और बड़े हादसे की आशंका टल गई। समय रहते की गई इस कार्रवाई से आसपास के मकानों को भी सुरक्षित बचा लिया गया। अग्निशमन अभियान का नेतृत्व प्रभारी फायर स्टेशन राधेश्याम दुबे ने किया। उनके साथ कृपा शंकर यादव, चालक अनिल कुमार राय, जगन्नाथ आर्य, अश्विनी कुमार सहित लगभग 10 फायर कर्मियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की सराहना की। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
