फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज l लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही और अनियमितता को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बिलराम गेट स्थित लाइन पार्क के सामने, डॉ. महिपाल सिंह के क्लिनिक के समीप सड़क चौड़ीकरण के नाम पर हो रही कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों ने कड़ा एतराज जताया है।
स्थानीय निवासियों का गंभीर आरोप है कि विभाग द्वारा क्षेत्र में जल निकासी (ड्रेनेज) की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। सड़क का वास्तविक निर्माण करने के बजाय सिर्फ मिट्टी खोदी जा रही है और उसे अन्यत्र ले जाया जा रहा है। सड़कों की खस्ताहाल स्थिति और इस तरह की लापरवाही के चलते हादसे भी बढ़ने लगे हैं। हाल ही में सड़क पर अनियंत्रित होकर डॉ. अनुपम सिंह की पत्नी डॉ. ऋचा की स्कूटी फिसल गई और वह गिर गईं, जिन्हें तुरंत स्थानीय लोगों ने सहारा देकर उठाया।जल भराव और सड़क की बदहाली की समस्या को दूर किए बिना कराए जा रहे इस कार्य से आने वाले दिनों में स्थिति और विकराल होने की आशंका है। इस दौरान क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने एकत्र होकर पीडब्ल्यूडी की कार्यशैली पर आपत्ति दर्ज कराई और पारदर्शी तरीके से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। विरोध दर्ज कराने वालों में मुख्य रूप से डॉ. महिपाल सिंह, ज्ञानेंद्र वर्मा, मास्टर सतीश चंद्र, उगलेश यादव, कालू भाई, दीपक सक्सेना, धर्मेंद्र सिंह और राधा रानी हॉस्पिटल से डॉ. भानु प्रताप शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था और सड़क निर्माण नहीं किया गया, तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को बाध्य होंगे। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
