फास्ट न्यूज इंडिया यूपी हरदोई/संडीला। संडीला कस्बे में कार और पैसों के लेनदेन को लेकर चला आ रहा विवाद एक युवक की जान ले गया। 21 जुलाई की रात गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए रेलवे क्रॉसिंग निवासी शिवम जायसवाल की लखनऊ ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य नामजद आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के भाई ऋषभ जायसवाल की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार, 21 जुलाई की रात करीब 9 बजे शिवम उन्नाव रोड की ओर जा रहे थे। उन्नाव-बांगरमऊ तिराहे के पास पहले से मौजूद आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच बोलेरो वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर 11 मई को भी दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद 15 जुलाई को वाहन क्षतिग्रस्त करने और अभद्रता के आरोप में भी मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस का मानना है कि इसी पुरानी रंजिश ने इस वारदात का रूप लिया।
चार आरोपी अब भी फरार
मामले में नामजद आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं सूरज सिंह, शिवा सिंह, पवन सिंह और मांशू अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई तेज़ी से जारी है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। रिपोर्ट - चन्दन यादव 151137475
