फ़ोटो, 85 वर्षीय किसान जगदीश द्विवेदी का शव
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। 85 वर्षीय किसान जगदीश द्विवेदी का शव उनके ही घर के एक कमरे में मिट्टी के नीचे दफन मिला। कई दिनों से घर से उठ रही तेज दुर्गंध के बाद मामला उजागर हुआ। सूचना मिलने पर दिल्ली से पहुंचे मृतक के दो बेटों ने जब पिता और छोटे भाई को गायब पाया तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घर का ताला तोड़कर तलाशी ली। पीछे के कमरे में बनी कच्ची कब्र से दुर्गंध आने पर खुदाई कराई गई। जैसे ही मिट्टी हटाई गई, एक हाथ बाहर दिखाई दिया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। पूरी प्रक्रिया के बाद कब्र से बुजुर्ग का शव बरामद किया गया, जिसकी हालत बेहद खराब थी। शव पूरी तरह गल चुका था। मृतक के बेटे अजय द्विवेदी ने शव की शिनाख्त अपने पिता जगदीश द्विवेदी के रूप में की। मृतक के बेटों संतोष और अजय ने आरोप लगाया कि उनके छोटे भाई विजय द्विवेदी ने पैतृक जमीन और संपत्ति के लालच में पिता की हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद उसने शव को घर के कमरे में दफनाया और फरार हो गया। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय, सीओ सदर मनोज कुमार रघुवंशी तथा महेशगंज थानाध्यक्ष संदीप कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से फावड़ा और खुरपी बरामद की है, जिन्हें वारदात में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बेटे अजय द्विवेदी की तहरीर पर महेशगंज थाने में आरोपी विजय द्विवेदी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049

