शहर के व्यस्ततम गोलघर इलाके में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मकान की छत पर चढ़ गया और नीचे से गुजर रहे राहगीरों पर ईंट-पत्थर फेंकने लगा। करीब 45 मिनट तक चले घटनाक्रम के दौरान लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया।
घटना गोलघर स्थित काली मंदिर के पास पेट्रोल पंप के पीछे जाने वाली सड़क की है। रात करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने एक युवक को मकान की छत पर चढ़ते देखा। इसके बाद उसने अचानक सड़क से गुजर रहे लोगों पर ईंट और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे राहगीरों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) संतोष कुमार राय के नेतृत्व में फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार पत्थरबाजी करता रहा और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।
घटना के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हालात बिगड़ते देख फायर विभाग के जवानों ने सीढ़ी और रस्सी की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया, जिसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने चली गई। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
प्रथम दृष्टया युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। हालांकि उसके शराब के नशे में होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। घटना में किसी राहगीर को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और उसके परिजनों को भी बुलाया गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि उसने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया: संतोष कुमार राय, सीएफओ रिपोर्ट फूलमती मौर्य 151188511
