फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी।चौबेपुर थाना क्षेत्र के चन्द्रावती गांव के समीप गंगा नदी किनारे बुधवार को 'फेयरडील' कफ सिरप की सैकड़ों प्लास्टिक की शीशियां बहकर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने नदी किनारे बहकर आई शीशियों को बाहर निकालकर इसकी सूचना चौबेपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और ड्रग विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा सभी शीशियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कफ सिरप की शीशियां कहीं फेंक दी गई थीं, जो गंगा के बहाव के साथ चन्द्रावती गांव के किनारे तक पहुंच गईं। पुलिस ने बरामद सभी शीशियों को कब्जे में लेकर उनकी वैधता एवं नदी में पहुंचने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने उन ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए हैं जिन्होंने नदी से शीशियां बाहर निकाली थीं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कफ सिरप कहां से आया और इसे नदी में किसने फेंका।
मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी एवं जुनाब अली ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बरामद सभी शीशियों को जब्त कर लिया। ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर ड्रग माफियाओं के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि कार्रवाई के डर से किसी ने कफ सिरप की खेप को नदी में फेंक दिया होगा। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और ड्रग विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।लईक आफ़ताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
