फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर, विकासखंड खोराबार अंतर्गत ग्राम पंचायत चाफा में लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क पर मौजूद छोटा गड्ढा अब बड़ा और गहरा हो गया है। इससे इस मार्ग से आने-जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के कारण गड्ढे में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में से एक है, जो बेलवार और चंवरी गांवों को जोड़ते हुए देवरिया बाईपास तक पहुंच प्रदान करती है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और अन्य वाहन चालक इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत के प्रशासक जय सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण फिलहाल मरम्मत कार्य कराना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ही मौसम साफ होगा, सड़क के गड्ढे में तत्काल मिट्टी डालकर उसे समतल कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले एक से दो दिनों के भीतर मार्ग को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, जिससे भविष्य में बरसात के दौरान इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो। रिपोर्ट जसवीर मोदनवाल 151167985
