फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद रविवार देर शाम नगर के मोहल्ला मेमरान में बीच सड़क खड़े एक चौपहिया वाहन को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में वार्ड सभासद सहित कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सभासद समेत दो लोगो को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। स्थानीय पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी पाकर चेयरमैन किशनपाल लोधी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश सैनी समेत कई वार्ड सभासद व लोगों का बड़ा हुजूम जुटता हुआ दिखाई दिया। उधर, कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र राठौर ने ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड सभासद ओमप्रकाश लोधी के चचेरे भाई मुकेश खाद्यान्न मंडी डिबाई में आढ़त का कार्य करते हैं। बताया गया कि रविवार देर शाम वह कार से जहांगीराबाद लौट रहे थे। मोहल्ला मेमरान पहुंचने पर रास्ते में एक लोडिंग चौपहिया वाहन खड़ा मिला। वाहन को हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों का प्रयोग किया गया। घटना में सभासद ओमप्रकाश लोधी समेत कई लोग घायल हुए। वहीं, एक राहगीर तौफीक के साथ भी मारपीट होने की बात सामने आई है। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभासद व घायल तौफीक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दोनो पक्षो से मालती पत्नी कन्हैया, रिंकू पुत्र राजेश तथा जमना पत्नी राजेश भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बाद में अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है तथा तहरीर के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही हैं। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044 750
