फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद मार्ग की ओर पेपर लीक मामले को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की जिला कांग्रेस कमेटी कासगंज ने कड़े शब्दों में निंदा की है।
कासगंज जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने पुलिस कार्रवाई पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अपने भविष्य, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर बल प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
मनोज पाण्डेय ने कहा कि देशभर के लाखों युवा लगातार पेपर लीक की घटनाओं से परेशान हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार उनकी समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय लाठी के बल पर उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लगातार उठने के बावजूद उन्हें पद पर बनाए रखा गया है, जबकि न्याय मांग रहे युवाओं पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। छात्रों पर इस प्रकार की दमनकारी कार्रवाई पूरी तरह अस्वीकार्य है और इससे देश के युवाओं में आक्रोश और बढ़ेगा।
जिला कांग्रेस कमेटी कासगंज ने स्पष्ट किया कि पार्टी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी तत्काल निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान विरोध और निंदा व्यक्त करने वालों में जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय के साथ जिला महासचिव विमल कुमार सिंह, प्रतिभा सिंह, ऊषा पाल, राजा सलमानी और अभिषेक दुबे सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
