पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूसड़ चौराहे के पास संचालित कथित अवैध क्लीनिक में रविवार की रात पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान एक युवक को हिरासत में लिया जबकि पूछताछ के लिए लाई गईं दो महिलाओं को बाद में छोड़ दिया गया।
सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में प्रशासन ने क्लीनिक संचालित हो रहे भवन को सील कर दिया। वहीं, भवन मालिक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके से संचालक भाग निकला पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि असुरन-पिपराइच मार्ग पर जंगल धूसड़ चौराहे के पास स्थित एक दो मंजिला मकान में बिना मान्यता के चिकित्सकीय गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसके बाद सीएचसी चरगांवा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. वीके चौधरी और जंगल धूसड़ चौकी प्रभारी अजीत उपाध्याय संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मकान की दूसरी मंजिल पर तीन बेड वाला अस्पताल संचालित मिलता पाया गया।
वहां से दवाएं, चिकित्सकीय उपकरण और इलाज व ऑपरेशन में प्रयुक्त होने वाली सामग्री बरामद हुई। चौकी प्रभारी अजीत उपाध्याय ने बताया कि तीन मंजिला भवन में बिना अनुमति और बिना नाम के अवैध अस्पताल संचालित किया जा रहा था। जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. वीके चौधरी ने बताया कि अवैध अस्पताल चलने की सूचना पर पुलिस की मदद से जांच की गई। मौके से दवाएं, तीन बेड और अन्य चिकित्सकीय उपकरण मिले हैं। पुलिस ने गुलरिहा थाना क्षेत्र के सरैया बाजार निवासी युवक को हिरासत में लिया है।
मौके से मिली दो महिलाओं को भी पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पूछताछ में एक महिला ने खुद को नर्स और दूसरी ने इंटरमीडिएट की छात्रा बताया। जांच के बाद दोनों महिलाओं को छोड़ दिया गया।
गर्भपात कराने का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि भवन में काफी समय से अवैध क्लीनिक चलाया जा रहा था। लोगों का कहना है कि यहां बिना जरूरी अनुमति और मानकों के मरीजों का इलाज किया जाता था। कुछ लोगों ने गर्भपात कराए जाने का भी आरोप लगाया है। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शाम करीब चार बजे से छह बजे तक प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
जांच के बाद क्लीनिक संचालित होने वाले भवन को सील कर दिया गया। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि भवन को सील कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट फूलमती मौर्य 151188511
