खेरागढ़। पुल वाले हनुमान मंदिर स्थित ब्रजधाम उदासीन आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं नौ दिवसीय श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर नगर को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा में पीतांबर वस्त्र धारण किए महिलाओं और युवतियों ने सिर पर 51 मंगल कलश रखकर पूरे नगर का भ्रमण किया। कथा के परीक्षित पूज्य मुनिशानंद जी महाराज सिर पर श्रीरामचरितमानस धारण कर नंगे पांव यात्रा में शामिल हुए, वहीं कथा व्यास आचार्य ऋषि कृष्ण महाराज सुसज्जित बग्घी पर विराजमान रहे। मार्ग में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया तथा जलपान और फल वितरण कर अपनी आस्था व्यक्त की।
आश्रम के महंत प्रकाशानंद जी महाराज ने बताया कि 20 जुलाई से 29 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन होगा। 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कथा के प्रथम दिवस आचार्य ऋषि कृष्ण महाराज ने रामचरितमानस के महात्म्य और सती चरित्र का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, मर्यादा और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाली दिव्य साधना है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और विश्वास के साथ श्रीराम कथा का श्रवण करने से मनुष्य का जीवन पवित्र होता है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।
पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर और नगर का वातावरण जय श्रीराम के उद्घोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय उल्लास से गूंजता रहा। रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410
