फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहा गांव से घर लौटते समय 15 वर्षीय किशोर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों की सूचना पर चौबेपुर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र 11 जुलाई को उमरहा स्थित अपने परिचित बहनोई के घर आया था। दो दिन वहां रहने के बाद वह एक रिश्तेदार के यहां गया और 14 जुलाई को दोपहर भोजन करने के बाद अपने घर अहरौरा जाने की बात कहकर निकल गया। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा।परिजनों ने जब रिश्तेदारों से संपर्क किया तो पता चला कि किशोर दोपहर में ही वहां से निकल चुका था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। पुत्र के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।किशोर का हुलिया गेहुआं रंग, लगभग 5 फीट लंबा, इकहरा शरीर है। लापता होने के समय वह सफेद पैंट-शर्ट तथा गमछा पहने हुए था।थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर किशोर की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य माध्यमों से भी जांच की जा रही है। जल्द ही किशोर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। रिपोट - लईक आफताब चौबेपुर 151166686
