फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड गदरपुर, 20 जुलाई: तहसील गदरपुर क्षेत्र के भैसियामोड़ पर बिना लाइसेंस और नियमों के विपरीत संचालित हो रही मीट की दुकानों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से मीट काटते और बेचते पाए जाने पर संयुक्त टीम ने तीन अस्थायी दुकानों को सील कर दिया।
उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह और तहसीलदार लीना चंद्रा ने भैसियामोड़ क्षेत्र का औचक भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर एक व्यक्ति बकरी काटते हुए और दो अन्य व्यक्ति मीट बेचते हुए पाए गए। जांच में पाया गया कि ये गतिविधियां नियमों के विरुद्ध और बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी कैलाश पटवाल, पशु चिकित्सक, राजस्व विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की। टीम ने मौके पर चल रही तीनों अस्थायी दुकानों को सील कर दिया और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अवैध मीट कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804

