फ़ास्ट न्यूज इण्डिया यूपी बुलंदशहर। पहासू थाना क्षेत्र के गांव दीघी में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खेलिया कल्याणपुर निवासी ऋषि का शव उसकी पत्नी के मायके में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब दो वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। ऋषि दो दिन पहले अपनी पत्नी को साथ ले जाने के उद्देश्य से गांव दीघी स्थित ससुराल आया था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पहासू थाना पुलिस के साथ अन्य थानों का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजन ससुराल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि ऋषि की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। उनका कहना है कि यदि यह आत्महत्या थी तो उन्हें सूचना दिए बिना शव को पोस्टमार्टम के लिए क्यों भेजा गया।
गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कई थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044750
