खेरागढ़ थाना क्षेत्र के खेरागढ़-कागरोल मार्ग पर अवंती बाई गेट के पास शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डस्ट से भरा एक तेज रफ्तार डंपर वाहन संख्या RJ11GL7968 दूसरे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। हादसे में मकान का लोहे का मुख्य गेट और पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय मुख्य द्वार पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर तेज आवाज के साथ मकान में घुसा, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं, जिस दूसरे वाहन को बचाने के दौरान यह हादसा हुआ, उसका चालक भी मौके से निकल गया।
क्षतिग्रस्त मकान के स्वामी अधिवक्ता अजब सिंह सिकरवार ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर और धमाके जैसी आवाज से पूरा परिवार घबरा गया। यदि उस समय कोई व्यक्ति मुख्य गेट के पास होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही खेरागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हादसे में मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410
