फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। शहर में शुक्रवार को न्याय की गुहार लेकर एक युवती द्वारा उठाया गया कदम चर्चा का विषय बना हुआ है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र स्थित पुराने टेलीफोन एक्सचेंज के 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर युवती ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता के अनुसार, उसने जहानाबाद थाने में छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें उसके साथ सरेआम अभद्रता और कपड़े फाड़ने का प्रयास किया गया था। उसका आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों से मिलीभगत कर साक्ष्यों की अनदेखी की और मामले में 'फाइनल रिपोर्ट लगा दी। युवती ने चेतावनी दी है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला या जबरन नीचे उतारने की कोशिश की गई, तो वह कूदकर जान दे देगी। सीओ सदर नताशा गोयल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह घटना छेड़छाड़ की नहीं है। उनके अनुसार, मामला स्कूटी चलाते समय रील बनाने के कारण हुए एक सड़क हादसे से जुड़ा है, जिसमें दूसरे पक्ष पर गलत आरोप लगाए गए थे। सीओ ने स्पष्ट किया कि एक्सीडेंट के मामले में तो कार्रवाई हुई, लेकिन छेड़छाड़ के आरोपों की पुष्टि के लिए कोई साक्ष्य नहीं मिला, जिसके चलते फाइनल रिपोर्ट लगाई गई है।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे अधिकारी युवती को सकुशल नीचे उतारने के प्रयास में जुटे हैं। पीड़िता फिलहाल टावर पर डटी हुई है और उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है। मौके पर मौजूद भारी भीड़ के बीच प्रशासन के लिए युवती की सुरक्षा बड़ी चुनौती बनी हुई है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
