फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। आगामी कांवड़ यात्रा और जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर गुरुवार को स्वयं सड़क पर उतरे। उन्होंने क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा के साथ शहर के घंटाघर, प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और धार्मिक स्थलों का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए यात्रा मार्गों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संदिग्ध गतिविधियों या लावारिस वस्तुओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि जनपद पुलिस सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा, कोतवाली नगर पुलिस एवं पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
