फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक एवं भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने के मामले में कंधई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गतिविधियों से सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी, जिसके आधार पर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई को थाना क्षेत्र के गंगेहटी गांव निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही विकास सरोज फेसबुक के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने एक विशेष समुदाय के संबंध में अभद्र एवं भड़काऊ भाषा का प्रयोग कर सामाजिक वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर थाना कंधई में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी ने वादी से कहासुनी की और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण एवं थाना कंधई पुलिस की कार्रवाई के तहत उपनिरीक्षक अनूप कुमार यादव, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र प्रसाद तथा आरक्षी अभिषेक कुमार सिंह की टीम ने आरोपी विकास सरोज (29) निवासी ग्राम गंगेहटी, थाना कंधई को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
