प्रतापगढ़। नगर पंचायत कटरा गुलाब सिंह के वार्ड संख्या 14, मिश्रपुर तरौल निवासी दिव्यांग लल्लूराम पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पहले दिए गए अपने बयान पर नया स्पष्टीकरण जारी किया है।
लल्लूराम पटेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनका प्रधानमंत्री आवास पहले ही स्वीकृत हो चुका है तथा जियो टैगिंग और बायोमेट्रिक की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इससे पहले नायब तहसीलदार द्वारा भी मामले की जांच की जा चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें बहकाकर मीडिया के सामने गलत बयान दिलवाया। उनके अनुसार, उन्हें यह कहकर नगर पंचायत कार्यालय ले जाया गया कि यदि वे बताए अनुसार बयान देंगे तो उनका आवास तुरंत दिला दिया जाएगा। लल्लूराम का कहना है कि कार्यालय पहुंचने के बाद उनसे पैसों की मांग की गई। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो उन्हें वहीं छोड़ दिया गया, जिसके बाद वे ₹100 का रिक्शा किराया देकर अपने घर लौटे।
लल्लूराम पटेल ने कहा कि सभासद और विधायक पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं तथा उनका इन आरोपों से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके नाम पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें।
हालांकि, इस मामले में संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयान और प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है। रिपोट - मोहद अनीश 151140893
