आगरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट मुकेश कुमार सिंह ने आगरा के विभिन्न गरीब, मजदूर एवं दलित बहुल बस्ती, मोहल्ला और वार्डों में वर्षों से व्याप्त मूलभूत सुविधाओं की गंभीर समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विस्तृत पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि विकास के दावों के बीच हजारों ग़रीब मजदूर दलित परिवार आज भी सड़क, स्वच्छ पेयजल, सीवर, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं के अभाव में कठिन जीवन जीने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम को अनेक बार शिकायतें और प्रार्थना-पत्र दिए जाने के बावजूद हालात में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ, जिससे आम ग़रीब मजदूर नागरिकों में गहरा असंतोष व्याप्त है। जर्जर सड़कें, जगह-जगह गहरे गड्ढे और बारिश के मौसम में जलभराव ने लोगों का जीवन संकटपूर्ण बना दिया है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जबकि नियमित सफाई न होने से नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। एडवोकेट सिंह ने पेयजल एवं सीवर व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई वार्डों में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है तथा दूषित पानी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। वहीं जाम सीवर लाइनों के कारण गंदा पानी घरों और सड़कों पर फैल रहा है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि अनेक मोहल्लों में स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिसके कारण रात के समय अंधेरा छाया रहता है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है तथा आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। उन्होंने सफाई व्यवस्था को भी बेहद लचर बताते हुए कहा कि समय पर कचरा न उठने से गंदगी फैल रही है और बरसात में डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ गया है। नियमित फॉगिंग और दवा छिड़काव भी पर्याप्त रूप से नहीं कराया जा रहा। उन्होंने शहर में बढ़ती आवारा मवेशियों की समस्या को भी गंभीर बताते हुए कहा कि मुख्य मार्गों और बाजारों में पशुओं के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही सार्वजनिक पार्कों, सामुदायिक भवनों और अन्य नागरिक सुविधाओं के रखरखाव की बदहाल स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में एडवोकेट मुकेश कुमार सिंह ने सभी जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, नालियों एवं सीवर लाइनों की नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति, बंद स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नियमित फॉगिंग एवं दवा छिड़काव, आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने, सार्वजनिक पार्कों एवं सामुदायिक भवनों के समुचित रखरखाव तथा वर्षा ऋतु को देखते हुए विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया कि संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सभी समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना लागू की जाए, ताकि गरीब, मजदूर, दलित और वंचित परिवारों को भी सम्मानपूर्वक और सुरक्षित जीवन जीने के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853
