खेरागढ़ (आगरा)। खेरागढ़ पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों और किसानों की जेब काटने वाले शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, सर्जिकल ब्लेड, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस गिरोह के दो अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लिफ्ट देने के बहाने जेब काटने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में 5 मई 2026 को एक किसान सरसों बेचकर मिली नकदी लेकर कागारौल चौराहे की ओर जा रहा था। मंडी गेट के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसे लिफ्ट देने के बहाने अपने साथ बैठाया और रास्ते में सर्जिकल ब्लेड से उसकी जेब काटकर नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना खेरागढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके बाद 10 जून 2026 को तहसील परिसर में टाइपिंग कराने आए एक व्यक्ति को बातों में उलझाकर उसकी जेब से रुपये निकाल लिए गए। इस घटना का भी मुकदमा थाना खेरागढ़ में दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया।
लगातार जांच और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद 13/14 जुलाई की रात पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान भिलावली मोड़ के पास मुखबिर की सूचना पर गोपी उर्फ गोलू निवासी ग्राम विष्णुपुरा, थाना बाह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, सर्जिकल ब्लेड, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में गिरोह से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जाएगा।अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा मय 01 जिन्दा कारतूस, ₹14,060 नगद, 01 सर्जिकल ब्लेड तथा घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद। शाहरुख बेग 151188410