EPaper Join LogIn
एक बार क्लिक कर पोर्टल को Subscribe करें खबर पढ़े या अपलोड करें हर खबर पर इनकम पाये।

266 बेटियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर भारत विकास परिषद, काशी प्रान्त ने रचा सेवा एवं संस्कार का नया इतिहास
  • 151009219 - RAVINDRA GUPTA 0 0
    12 Jul 2026 19:20 PM



64वें स्थापना दिवस पर आयोजित "परिषद प्रेरणा महोत्सव–2026" में शिक्षा, सेवा, संस्कार और संगठन का हुआ भव्य संगम

वाराणसी । भारत विकास परिषद, काशी प्रान्त द्वारा 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर कमिश्नरी सभागार, वाराणसी में आयोजित "परिषद प्रेरणा महोत्सव–2026" अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत 25 विद्यालयों की 266 मेधावी एवं आर्थिक रूप से आवश्यकता वाली छात्राओं को "बेटी पढ़ाओ–बेटी बढ़ाओ" छात्रवृत्ति अभियान के अंतर्गत छात्रवृत्ति एवं सम्मान-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर शिक्षा, सेवा और संस्कार का अद्भुत संगम देखने को मिला तथा सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने इस सामाजिक पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक भालेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। भारत विकास परिषद द्वारा बेटियों की शिक्षा के लिए चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से आवश्यकता वाली मेधावी छात्राओं को शिक्षा से जोड़ना वास्तविक राष्ट्र सेवा है और ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनते हैं।

विशिष्ट अतिथि भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. शंकर एस. मंथा ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है जब समाज की प्रत्येक बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिले। काशी प्रान्त द्वारा प्रारम्भ किया गया यह छात्रवृत्ति अभियान परिषद की सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है तथा देशभर के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम की उत्कृष्टता को देखते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जी ने अपनी तरफ से 11 और बच्चियों को छात्रवृत्ति देने की घोषणा की।

राष्ट्रीय गतिविधि महिला सहभागिता डॉ. शिप्रा धर ने अपने उद्बोधन में कहा बेटी नहीं है बोझ , आओ बदले सोच तथा साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि एक शिक्षित बेटी केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र का भविष्य बदलने की क्षमता रखती है। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास, संस्कार और उत्कृष्टता के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय महासचिव श्री सुदीप टंडन ने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा, संस्कार, समर्पण और संगठन के माध्यम से समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का कार्य कर रही है। काशी प्रान्त का यह आयोजन परिषद की जीवंत कार्यशैली का प्रेरक उदाहरण है।

कार्यक्रम में काशी प्रान्त के पूर्व प्रान्तीय अध्यक्षों एवं पूर्व प्रान्तीय महासचिवों का सम्मान कर उनके योगदान को नमन किया गया। साथ ही विभिन्न शाखाओं द्वारा जल संरक्षण, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, बेटी शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर प्रेरक लघु प्रस्तुतियाँ दी गईं। शाखाओं ने आगामी सेवा एवं संगठनात्मक कार्ययोजनाओं का भी संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण किया।

प्रान्तीय अध्यक्ष जी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि भारत विकास परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक सशक्त अभियान है। परिषद समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने के अपने संकल्प के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी और आप सभी के सहयोग से अपने लक्ष्य की सीमा को भी पार कर सेवा कार्य में अग्रणी रहेगी।

प्रान्तीय महासचिव डॉ. सचिन अग्रवाल (मानद) ने कहा कि प्रारम्भिक लक्ष्य से कहीं आगे बढ़कर 266 छात्राओं तक छात्रवृत्ति पहुँचाना इस बात का प्रमाण है कि जब समाज सेवा के लिए एकजुट होता है तो लक्ष्य सीमित नहीं रहते, बल्कि नए इतिहास का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को नई उड़ान देना, उन्हें आत्मविश्वास प्रदान करना तथा समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। उन्होंने इस अभियान में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं, शाखाओं, विद्यालयों, शिक्षकों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं गरिमामय संचालन श्री राकेश मिड्ढा एवं डॉ. प्रियंका तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने में श्री विवेक सूद ,श्री नमित पारीक , डॉ ओपी सिंह एवं विनीता सिंह का विशेष सहयोग रहा।

अंत में सभी अतिथियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रतिनिधियों, मीडिया बंधुओं, परिषद परिवार तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार वित्त सचिव विवेक तिवारी जी ने व्यक्त किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न हुआ ।। रविन्द्र गुप्ता 



Subscriber

188789

No. of Visitors

FastMail

वाराणसी - दिल्ली में खराब मौसम का असर, सुरक्षा कारणों से दो उड़ानें वाराणसी डायवर्ट     वाराणसी - पांच हजार करोड़ से काशी बनेगा सिटी इकोनॉमिक रीजन, कैंट से बाबतपुर तक होगा रोपवे का विस्तार     वाराणसी - काशी विश्वनाथ धाम से मुखनिर्मालिका गौरी और मां विशालाक्षी शक्तिपीठ को भेजा गया उपहार     वाराणसी - काशी विश्वनाथ मंदिर की पहली गंगा आरती छह बजे होगी शुरू, 45 मिनट चलेगी; ललिता घाट पर निहारेंगे लोग     चंदौली - गुब्बारे में हवा भरने वाले गैस सिलिंडर में हुआ ब्लास्ट, दो घायल     चंदौली - निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब गिरा, गुणवत्ता पर उठे सवाल, सपा सांसद का धरना