फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज । कासगंज के चंदन नगर (न्यू माधौपुरी कॉलोनी) में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता प्रदीप कुमार ने कोतवाली कासगंज में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए एक परिवार के कई सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2026 में वे अपने बड़े पुत्र रिषभ सक्सेना के साथ याकूतगंज में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे, जहाँ रिषभ की मुलाकात सुहानी सोलंकी नामक युवती से हुई और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया।
पिता का आरोप है कि मई 2026 में युवती और उसके परिजनों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत रिषभ को बुलाया और उस पर रूपये 6 लाख की चोरी का झूठा आरोप लगाते हुए जेल भिजवाने की धमकी देना शुरू कर दिया। लोक-लाज और कानूनी पचड़े के डर से दबाव में आकर रिषभ ने धीरे-धीरे आरोपियों को रूपये 4,50000 (चार लाख पचास हजार रुपये) दे दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने मामले को रफा-दफा करने के नाम पर रूपये 60,000 की और मांग की तथा पैसा न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर रिषभ सक्सेना ने बीती 6 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:25 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूर्व रिषभ ने सोशल मीडिया पर वीडियो और सुसाइड नोट भी पोस्ट किया था, जिसमें उसने अपनी आपबीती बयां की थी। मृतक के पिता ने आरोपियों को पेशेवर जालसाज और ब्लैकमेलर बताते हुए पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है और निष्पक्ष जांच के लिए शव का पोस्टमार्टम भी कराया है। फिलहाल पुलिस मामले की सत्यता की जांच और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
