एयरबैग ने बचाई जान, रॉन्ग साइड जा रही कार डाक विभाग की गाड़ी से भिड़ी
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश। प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर रविवार को पूरे नियादर गांव स्थित रंगोली पेट्रोल पंप के पास रॉन्ग साइड से आ रही एक कार और डाक विभाग की टाटा-407 के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ बैठा एक युवक मामूली रूप से घायल हुआ। कार का एयरबैग समय पर खुल जाने से चालक की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खजूरनी पूरेगोसाई निवासी विवेक कुमार द्विवेदी सीएनजी भरवाने के बाद कथित रूप से रॉन्ग साइड से हाईवे पर आ गए। उसी दौरान डाक विभाग के महत्वपूर्ण कागजात लेकर प्रतापगढ़ मुख्य डाकघर जा रही टाटा-407 सामने से आ गई। दोनों वाहनों की तेज रफ्तार के कारण जोरदार टक्कर हुई, जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही शनि देव चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से कार में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है। साथ बैठे युवक को प्राथमिक उपचार दिया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रॉन्ग साइड वाहन चलाना हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
