राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता एवं यूपी कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता ने खाद तथा बिजली संकट को लेकर सरकार के गैर जिम्मेदारानापन पर बोला हमला
फ़ोटो, विधायक आराधना मिश्रा मोना
फ़ोटो , सांसद प्रमोद तिवारी
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी लालगंज, प्रतापगढ़। क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना तथा राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी प्रदेश भर में विशेषकर गृह जनपद प्रतापगढ़ में इस समय खाद की अनुपलब्धता के कारण धान की रोपाई के नुकसान को लेकर गहरी चिन्ता जताई है। विधायक आराधना मिश्रा मोना एवं सांसद प्रमोद तिवारी ने संयुक्त बयान में कहा है कि विधानसभा क्षेत्र रामपुर खास समेत जिले भर में खाद की समुचित आपूर्ति न होने के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेताद्वय ने कहा है कि सरकार में बैठे मंत्री और जिम्मेदार अधिकारी पूंजीपति मित्रों की तिजोरी भरने के लिए किसान को जरूरत के समय खाद नहीं उपलब्ध करा पा रहे हैं। उन्होने कहा कि सरकार ने प्रति हेक्टेयर प्रति बोरी खाद की शर्त थोपकर किसानों के फसल नुकसान को लेकर बेहद गैर जिम्मेदाराना कदम उठाया है। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि साधन सहकारी समितियों पर इस समय डीएपी तथा यूरिया उपलब्ध ही नहीं है। बाजार में भी नेताद्वय के मुताबिक किसानो को खाद के लिए आधार कार्ड तथा कड़े मानको के साथ ब्लैक में भी पर्याप्त खाद के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। विधायक मोना ने कहा कि एक तरफ सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के बड़े बड़े रोज खोखले वायदे किया करती है। संयुक्त बयान में कांग्रेस नेताओं ने सरकार की घेराबंदी करते हुए कहा कि समय से किसानों को खाद नही मिल पाने से खरीफ की फसल के उत्पादन में भारी गिरावट की स्थिति चिन्ताजनक होगी। वहीं सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा ने कहा कि नहरों में सरकार द्वारा पानी छोड़ने का दावा भी खोखला साबित हुआ। विधायक आराधना मिश्रा मोना तथा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस समय विद्युत आपूर्ति की नाकामी के चलते लोग परेशान व बेहाल हैं। नेताद्वय ने कहा कि खेती के साथ व्यापारिक कारोबार तथा प्रतियोगी छात्रों की पढ़ाई लिखाई भी शिडयूल के मुताबिक बिजली आपूर्ति न होने से प्रभावित हो रही है। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक मोना ने कहा कि बिजली का बिल अनियमित होने के साथ आपूर्ति में सुधार न कर पाना सरकार की बड़ी अक्षमता है। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक मोना ने कहा कि आवश्यकतानुसार आपूर्ति नही हो रही है और विभाग के अधिकारी उपभोक्ताओं को परेशान करने के लिए जबरिया मीटर थोपने का भी पीड़ाजनक अभियान चला रहे हैं। विधायक आराधना मिश्रा मोना एवं सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि सरकार लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए नार्दन ग्रिड से अतिरिक्त बिजली खरीदकर पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति सुनिश्चित कराए। वही नेताद्वय ने सरकार से हर हाल में धान की फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किसानो को आवश्यकतानुसार खाद की उपलब्धता फौरन सुनिश्चित कराने को कहा है। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना का संयुक्त बयान शनिवार को यहां मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल के हवाले से निर्गत हुआ है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049

