फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र के इटौआ गांव में बुधवार रात जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की कार में भी तोड़फोड़ कर दी l जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद 112 पर फायरिंग की सूचना भी दी गई, लेकिन पुलिस जांच में इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीशचंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी सुगम पुत्र राजपाल सिंह डेयरी का संचालन करते हैं। दूसरे पक्ष से प्रशांत , अंश और उनकी माता गीता गांव पहुंचे थे। दोनों पक्ष आपस में सगे चाचा-ताऊ के परिवार से हैं। बताया गया कि उनके परदादा ज्ञानचंद ने 65 बीघा जमीन राजपाल सिंह के नाम वसीयत की थी। बाद में ग्रामीणों की पहल पर 30 बीघा जमीन नरेंद्र पक्ष को वापस कर दी गई, जबकि करीब ढाई बीघा जमीन को लेकर विवाद बना हुआ है। इसी जमीन को लेकर बातचीत के लिए पहुंचे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में सुगम के सिर और हाथ में चोटें आईं, जबकि प्राांत की कार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने गीता, अंश और सुगम को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। वहीं प्राांत और चालक राजीव कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि फायरिंग की सूचना की पुष्टि नहीं हुई है। मामले को भूमि विवाद रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा तथा दोनों पक्षों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
