यूपी, गोरखपुर कुसम्ही बाजार l एम्स थाना क्षेत्र के जगदीशपुर पुलिस चौकी अंतर्गत कुसम्ही बाजार स्थित मोतीराम अड्डा रोड पर चोरों ने एक डीजे दुकान का शटर तोड़कर लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के उपकरण चोरी कर लिए। पीड़ित ने एम्स थाने में तहरीर देकर कार्रवाई एवं चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
रुद्रापुर (कुसम्ही बाजार) निवासी आशीष कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी आशीष डी.जे. साउंड के नाम से दुकान है। 8 जुलाई की रात करीब 10 बजे से 12 बजे के बीच अज्ञात चोर दुकान का शटर और ताला तोड़कर अंदर रखे डीजे के कीमती उपकरण एवं अन्य सामान उठा ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है। इसमें ग्राहकों द्वारा मरम्मत के लिए दिए गए उपकरण भी शामिल हैं।
पीड़ित के अनुसार, सुबह दुकान पहुंचने पर शटर खुला मिला और अधिकांश सामान गायब था। दुकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर कुछ अज्ञात लोग एक ऑटो से आते दिखाई दिए, जो डीजे की मशीनें और अन्य सामान लादकर ले जाते नजर आए।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद जगदीशपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोट - जसवीर मोदनवाल 151167985
