फास्ट न्यूज इंडिया मध्यप्रदेश आलीराजपुर। जिले में राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान 'सेफ क्लिक 2.0' का सफल समापन हुआ। पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान जिलेभर में 153 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से लगभग 41 लाख नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा द्वारा जिला पुलिस आलीराजपुर को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभियान की शुरुआत साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर की गई। रथ ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस दौरान साइबर जागरूकता मैराथन, रैली, शपथ कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, रंगोली, क्विज, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में स्कूलों, महाविद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, हाट-बाजारों, बस स्टैंड, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं और आमजन को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंक, साइबर ब्लैकमेलिंग तथा निवेश धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। जन-जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय भाषा में साइबर गीत, लघु फिल्में, वीडियो और सोशल मीडिया रील तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। वहीं ऑपरेशन हेलो के तहत ट्रेस किए गए 105 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए, जिससे लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ। अभियान के अंतिम दिन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आलीराजपुर में छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल सुरक्षा की जानकारी दी तथा सभी को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें और समय रहते शिकायत दर्ज कराएं। पायल बघेल
