फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर । झंगहा थाना क्षेत्र में गोरखपुर-देवरिया राजमार्ग पर दुबियारी पुल के पास बुधवार सुबह करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे यूनीपोल से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यूनीपोल उखड़कर गिर गया, जबकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी अफरोज अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से गोरखपुर से देवरिया की ओर जा रहे थे। दुबियारी पुल के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे कार सीधे यूनीपोल से जा भिड़ी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए तथा घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
गनीमत रही कि दुर्घटना में चालक अफरोज की जान बच गई। उन्हें केवल मामूली चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहन अक्सर तेज गति से चलते हैं, जिसके कारण पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद वाहन स्वामी अपनी क्षतिग्रस्त कार लेकर चले गए। रिपोर्ट जसवीर मोदनवाल 151167985
