फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी कासगंज के तत्वावधान में एक विशाल 'सद्बुद्धि पदयात्रा' निकाली गई। जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य मामले की निष्पक्ष जांच कराना, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना और धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार व प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना था। यात्रा के दौरान तेज बरसात भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले को डिगा नहीं सकी और वे भीगते हुए भी प्रदर्शन में डटे रहे।
सद्बुद्धि पदयात्रा का शुभारंभ नदराई गेट स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से हुआ। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता नदराई गेट, बारहद्वारी और सोरों गेट जैसे मुख्य मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक माँ चामुंडा मंदिर पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने "चढ़ावा चोर गद्दी छोड़" सहित विभिन्न गगनभेदी नारे लगाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।इस मौके पर जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी केवल एक साधारण आर्थिक अपराध नहीं है, बल्कि यह देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की पवित्र धार्मिक आस्था पर बहुत बड़ी चोट है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ ऐसी कठोर कानूनी कार्रवाई हो, जिससे भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।मनोज पाण्डेय, जिलाध्यक्ष ने कहा कि "यदि समय रहते इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता का विश्वास मौजूदा व्यवस्था से उठ जाएगा। कांग्रेस पार्टी धार्मिक स्थलों की गरिमा और श्रद्धालुओं की भावनाओं की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।"
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मुनेंद्र पाल सिंह राजपूत ने भी यात्रा को संबोधित किया। पदयात्रा के समापन के बाद माँ चामुंडा मंदिर में सभी नेताओं ने सामूहिक प्रार्थना की और प्रदेश सरकार व संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को 'सद्बुद्धि' देने की कामना की। कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि पार्टी इस मुद्दे को जनहित और धार्मिक निष्ठा से जुड़ा हुआ मानती है। दोषियों को सजा मिलने तक लोकतांत्रिक तरीके से हर स्तर पर संघर्ष और आंदोलन जारी रहेगा।इस प्रदर्शन और पदयात्रा में मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत, विमल कुमार सिंह, प्रतिभा सिंह, दीपक धनगर, अली हसन सोहराव, सत्येंद्र पाल सिंह बैस (एडवोकेट), अर्चिका मिश्रा, गुलफाम सिंह, अमर दीन अंसारी, नूर मोहम्मद नूरी, श्याम चंचल, रजनीश उपाध्याय, शज़िल मियाँ, अजय प्रताप मिश्रा, अखिलेश पाल, आत्माराम भारद्वाज, मोहित पंडित, शानू पंडित, आकाश यादव, लक्की यादव, दीप कुमार पाण्डेय, राजा सलमानी, अभिषेक दुबे और शकील सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
