फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव कुदेना जयरामपुर मढ़ैया के समीप सोमवार को स्कूल बस की चपेट में आने से छह वर्षीय मासूम छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव माधोगढ़ निवासी अमित की छह वर्षीय पुत्री दिव्यांशी क्षेत्र के जाड़ौल स्थित देव विद्या पब्लिक स्कूल में यूकेजी कक्षा की छात्रा थी। प्रतिदिन की भांति वह स्कूल बस से विद्यालय जा रही थी। बताया जाता है कि रास्ते में कुदेना जयरामपुर स्टॉप पर वह कुछ सामान लेने के लिए बस से नीचे उतरी थी। आरोप है कि बस में कोई परिचालक (कंडेक्टर) मौजूद नहीं था। इसी दौरान चालक ने लापरवाही बरतते हुए बस को पीछे की ओर बैक कर दिया, जिससे मासूम छात्रा बस की चपेट में आ गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि छात्रा की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। घटना के बाद छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, मृतक छात्रा के परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसे के बाद विद्यालय प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी न तो घटनास्थल पर पहुंचा और न ही अस्पताल में पीड़ित परिवार का हाल जानने आया। परिजनों का आरोप है कि जब वे विद्यालय पहुंचे तो वहां भी उन्हें स्कूल प्रशासन का रवैया गैर-जिम्मेदाराना और असंवेदनशील दिखाई दिया। घटना के बाद परिजनों व क्षेत्रीय लोगों ने स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और बिना परिचालक के बस संचालन पर सवाल खड़े किए हैं। रिपोर्ट सुनील कुमार 151044750
