फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद नगरपालिका क्षेत्र में आगामी कांवड़ यात्रा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नगर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान मुख्य रूप से आहार बाईपास चौराहा, प्रमुख चौराहों तथा बुध की पैठ क्षेत्र में संचालित किया गया। अभियान के दौरान सड़कों, नालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार प्रमुख चौराहों एवं नालों के ऊपर अथवा आसपास किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्रवाई के दौरान करीब चार ट्रॉली सामान जब्त किया गया, जबकि लगभग 15 लोगों से कुल 15,200 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। अभियान में स्थानीय पुलिस चौकी का पुलिस बल भी मौजूद रहा और प्रशासनिक टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान किया। सफाई निरीक्षक रोहित कुमार के नेतृत्व में चले इस अभियान में सुपरवाइजर राजेंद्र, सुभाष, प्रवेश, प्रमोद, अशोक, शेखर तथा नकुल बाल्यान सहित नगर पालिका की टीम के सदस्य शामिल रहे। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी अतिक्रमण के विरुद्ध इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। रिपोर्ट सुनील कुमार 151044750
