सीएम योगी के आगमन से पहले प्रतापगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, आईजी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित प्रतापगढ़ आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री के दौरे को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर पुलिस अधीक्षकों, क्षेत्राधिकारियों एवं अन्य राजपत्रित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक पहलू पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस महानिरीक्षक ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, वीआईपी मूवमेंट, रूट चार्ट, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, ड्यूटी प्लान, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की गहन समीक्षा की। आईजी अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रत्येक अधिकारी अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को स्पष्ट ब्रीफिंग दें तथा ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा जांच पूरी गंभीरता से की जाए। यातायात व्यवस्था को इस प्रकार संचालित किया जाए कि आम जनता को कम से कम असुविधा हो तथा वीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्धारित रूट पर सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भी बैठक में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। ड्यूटी में तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अनुशासन, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाए, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर लिया जाए तथा किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित प्रतापगढ़ दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक एवं बहुस्तरीय इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
