फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज । जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कासगंज पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक ओ०पी० सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में एआरटीओ राम प्रकाश मिश्रा के साथ संयुक्त रूप से यह दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।
शनिवार को पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के मुख्य एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स जैसे सौरव ढाबा (एटा रोड), मालगोदाम चौराहा, नदरई तिराहा और हजारा नहर पुल पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य फोकस नशे की हालत में वाहन चलाना, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट, फॉल्टी नंबर प्लेट और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर रहा।
दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कुल 205 वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान किए, जिसमें कुल रूपये 5,44,100/- का ऑनलाइन शमन शुल्क (जुर्माना) अधिरोपित किया गया। इसके साथ ही गंभीर नियमों की अनदेखी करने पर 02 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर विशेष प्रहार किया गया। पुलिस ने ध्वनि मापक यंत्र (डेसीबल मीटर) का उपयोग कर चेकिंग की, जिसमें 80 डेसीबल से अधिक शोर मचाने वाले 18 वाहनों और 05 दोपहिया वाहनों के मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई। साथ ही नियमों के विरुद्ध तेज आवाज करने वाले 05 वाहनों के प्रेशर हॉर्न मौके पर ही उतरवाकर जप्त कर लिए गए। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शराब या अन्य किसी नशे की हालत में वाहन चला रहे 03 चालकों को दबोचा गया। इसके अतिरिक्त क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, गलत दिशा में गाड़ी चलाने, बिना फिटनेस, बिना हेलमेट/सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग, मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले चालकों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
