मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। सरकारी कार्यालयों में दिव्यांगजनों के लिए सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के दावे अभी भी धरातल पर अधूरे नजर आ रहे हैं। तहसील मुहम्मदाबाद गोहना में रैंप की समुचित व्यवस्था न होने से दिव्यांगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को लेकर दिव्यांग कल्याण सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित मांगपत्र नायब तहसीलदार गौरव शाह को सौंपकर तत्काल रैंप निर्माण की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि तहसील परिसर में दिव्यांगों के लिए पर्याप्त रैंप नहीं होने के कारण व्हीलचेयर से आने वाले दिव्यांगों, बुजुर्गों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को कार्यालयों तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ट्रस्ट ने मांग की कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के अनुरूप तहसील परिसर में शीघ्र रैंप का निर्माण कराया जाए, ताकि सभी लोगों को बिना किसी बाधा के सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके।
मांगपत्र प्राप्त करने के बाद नायब तहसीलदार गौरव शाह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष गुल्लेराम, कोषाध्यक्ष मतीउर्रहमान, अभिषेक यादव, ओमप्रकाश, पिंटू कुमार, रामविलास, रफीक अहमद सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे। रिपोट - अजय कुमार 151170379
रिपोट