एनएच-28 पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: अवैध पार्किंग-अतिक्रमण हटाया, 67 वाहनों से ₹5.81 लाख जुर्माना
बिहार दलसिंहसराय। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 को जाम और सड़क दुर्घटनाओं से मुक्त कराने के लिए शनिवार सुबह अनुमंडल प्रशासन ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों पर चालान काटे गए, अतिक्रमण हटाया गया और कई गुमटियों को जब्त कर लिया गया। अभियान से वाहन चालकों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में वरिय अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस, नगर परिषद, परिवहन विभाग तथा एनएचएआई की संयुक्त टीम ने एनएच-28 पर विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रक, बस, ऑटो और टोटो वाहनों की जांच की गई। वाहनों के परमिट, दस्तावेज, हॉर्न समेत अन्य आवश्यक कागजात की जांच के बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। कई वाहनों को जब्त भी किया गया।
वहीं सरदारगंज चौक के समीप सड़क किनारे लगने वाली मछली मंडी और अवैध फुटकर गुमटियों पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिसार कुमार के नेतृत्व में जेसीबी चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। कई बार चेतावनी देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने वाले गुमटी संचालकों की गुमटियां तोड़कर नगर परिषद ने जब्त कर लीं।
एसडीओ किशन कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुरक्षित, सुचारु और बाधारहित बनाना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने वाहन चालकों और आम लोगों से अपील की कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से बचें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
5.81 लाख का जुर्माना
अभियान के दौरान ओवरलोडेड ट्रक, बस, तीनपहिया और मोटरसाइकिल समेत कुल 67 वाहनों का चालान काटा गया। विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर 5.81 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया।
अभियान में भूमि सुधार उपसमाहर्ता प्रशांत रमानिया, अवर निर्वाचन पदाधिकारी रवि रंजन कुमार, बीडीओ राजीब कुमार, प्रभारी सीओ नेहा कुमारी, डीसीएलआर प्रशांत कुमार, थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम, विद्यापतिनगर एवं उजियारपुर के थानाध्यक्ष, जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक, एनएचएआई तथा नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे। देखे लालू यादव की रिपोट
20260704163201952152343.mp4
20260704163237347281304.mp4
20260704163336722264581.mp4
20260704163420157784716.mp4
202607041635114765220.mp4
