फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए थाना बाघराय पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सक्रिय पशु चोर गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई एक भैंस, एक पड़वा, एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान दो अलग-अलग पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में बाघराय पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राम वन गमन मार्ग, बिहार बाईपास के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नागेन्द्र सरोज, राहुल कुमार और गुलशन कुमार सरोज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों योजनाबद्ध तरीके से रात के समय ग्रामीण क्षेत्रों में घरों के बाहर बंधे मवेशियों को चोरी कर पिकअप वाहन से दूसरे जिलों में ले जाकर बेच देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 1 जुलाई की रात उन्होंने कोडराजीत गांव से एक भैंस और एक पड़वा चोरी कर सुनसान स्थान पर छिपा दिया था। बाद में उन्हें बेचने के लिए प्रयागराज ले जाया जा रहा था, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि करीब डेढ़ माह पहले मलावा छजईपुर गांव से भी एक भैंस और पड़िया चोरी कर कौशांबी के अजुआ बाजार में 40 हजार रुपये में बेच दी थी और रुपये आपस में बांट लिए थे। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए अवैध तमंचा बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी सीज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पशु चोरी जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने इस सफल कार्रवाई के लिए बाघराय पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
