फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया कासगंज। जनपद कासगंज में अवैध गतिविधियों और अपराधियों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने एक बड़ी विधिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में चलाये जा रहे 'माल निस्तारण अभियान' के क्रम में थाना ढोलना पुलिस द्वारा आबकारी अधिनियम से सम्बन्धित कुल 58 अभियोगों (मुकदमों) से जुड़े माल को न्यायालय के आदेशानुसार पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। नष्ट की गई अवैध शराब की कुल मात्रा 530 लीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2,10,000/- रुपये (दो लाख दस हजार रुपये) है।
प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, आबकारी अधिनियम के तहत विभिन्न समय पर जब्त की गई इस अवैध शराब के मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा अंतिम निर्णय सुनाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया। लंबे समय से थाना ढोलना के मालखाने में सुरक्षित रखी गई इस 530 लीटर शराब का आज (03 जुलाई) पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत विनिष्टिकरण किया गया। कार्रवाई के दौरान थाना परिसर के निकट जमीन में गहरा गड्ढा खुदवाकर पूरी शराब को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कराया गया।
प्रशासनिक पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए माल विनष्टीकरण की इस सम्पूर्ण कार्रवाई को एक विशेष रूप से गठित टीम की प्रत्यक्ष निगरानी में संपन्न कराया गया। इस दौरान मौके पर समिति के सदस्य के रूप में क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) आंचल चौहान, नायब तहसीलदार अमित कुमार, अपराध निरीक्षक ढोलना वीरेन्द्र कुमार भारती, आबकारी निरीक्षक अमित कुमार सहित हेड मोहर्रिर धर्मप्रकाश व अजब सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।विधिक नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा इस पूरी नष्टीकरण प्रक्रिया की आधिकारिक वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है, जिसे भविष्य के संदर्भ और न्यायिक रिकॉर्ड के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस विभाग के अनुसार, इस अभियान से मालखानों में लंबित पड़े पुराने मुकदमों के माल का सुचारू रूप से निस्तारण हो रहा है, जिससे परिसर और मालखाने के रख-रखाव में सुविधा होगी। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
