फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद नवीन अनाज मंडी में हाल ही में हुई बारिश के दौरान किसानों के सैकड़ों कुंतल अनाज के भीगने और बहने से हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस नेताओं ने मंडी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गुरुवार को कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं कोऑर्डिनेटर ज्ञानेंद्र सिंह राघव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने मंडी सचिव धीरज कुमार से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं पर गहरा आक्रोश जताया और शीघ्र समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रमुख नवीन अनाज मंडी जहांगीराबाद में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश में किसानों का सैकड़ों कुंटल अनाज बर्बाद हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी के नीलामी चबूतरों पर व्यापारियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी सचिव धीरज कुमार के कार्यालय में हुई वार्ता के दौरान आढ़ती यूनियन के प्रधान जयप्रकाश गर्ग भी मौजूद रहे। बैठक में मंडी सचिव ने आश्वासन दिया कि नीलामी चबूतरों से अवैध कब्जे मंगलवार तक हटवाने की कार्रवाई कराई जाएगी तथा मंडी की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस पर ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने स्पष्ट कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर अवैध कब्जे नहीं हटाए गए और किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो मंडी सचिव एवं कब्जाधारी व्यापारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर मंडी सभापति, उपजिलाधिकारी तथा जिलाधिकारी बुलंदशहर से शिकायत की जाएगी। साथ ही कांग्रेस किसानों के हित में बड़ा जनआंदोलन शुरू करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
इस दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण शर्मा, राय सिंह प्रधान, मंडल अध्यक्ष नेमपाल सिंह, नवीन राघव सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044 750
