*
*आलीराजपुर,02 जुलाई 2026।* जिला कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने आज सोरवा स्थित टप्पा तहसील एवं खाद वितरण केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने टप्पा तहसील कार्यालय में राजस्व संबंधी कार्यों, अभिलेखों के संधारण, कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं एवं राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके पश्चात कलेक्टर ने सोरवा स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था मर्यादित केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वितरण रजिस्टर एवं उपलब्ध स्टॉक का अवलोकन करते हुए किसानों को नियमानुसार एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संस्था संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद वितरण में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए तथा पात्र किसानों को बिना किसी परेशानी के समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री निधि मिश्रा, तहसीलदार श्रीमती सविता राठी, नायब तहसीलदार सुश्री मंजू डावर, नायब तहसीलदार सुश्री सरिता बालेचा सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
फास्ट न्यूज इंडिया
पायल बघेल डिस्ट्रिक इंचार्ज आलीराजपुर
